गाजीपुर। आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पूजा के मद्देनजर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को अधोमानक, मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने विशेष रूप से मिठाई के बड़े निर्माण एवं बिक्री प्रतिष्ठानों के साथ दूध और दुग्ध उत्पादों की प्रतिदिन जांच कर कार्रवाई करने को कहा। जिले के बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों और होटलों का नियमित निरीक्षण करने तथा उनकी सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में छात्र-छात्राओं के लिए तैयार होने वाले मिड-डे मील और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बनने वाले भोजन की नियमित जांच कराने पर जोर दिया गया। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित होने वाले बाल विकास पुष्टाहार की खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में खाद्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश त्रिवेदी, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय, बीएसए, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रहरि, केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष नागमणि मिश्र, सचिव बृजेश पाण्डेय, मनोज पाण्डेय तथा सहायक आयुक्त खाद्य रमेश चन्द्र पाण्डेय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।















