HomePARDAPHAAS BREAKINGसंगिनी ज्वेलर्स में घुसे बदमाशों ने छह सोने की चेन लूटी, दो...

संगिनी ज्वेलर्स में घुसे बदमाशों ने छह सोने की चेन लूटी, दो राउंड फायरिंग कर फरार

बंशीबाजार में शाम 6:30 बजे वारदात से मची सनसनी, चार पहिया वाहन से भागे बदमाश; एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

गाजीपुर। शहर के बंशीबाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स में शनिवार की शाम बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान में घुसे दो अज्ञात युवक सोने की छह चेन लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद दुकान के बाहर पहले से खड़ी चार पहिया गाड़ी में सवार होकर भाग निकले। घटना से आसपास के व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।
प्रतिष्ठान संचालक संजय वर्मा के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6:30 बजे दो युवक ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान में आए। दोनों ने पहले आभूषण देखने शुरू किए। इसी दौरान मौका पाकर सोने की छह चेन लेकर भागने लगे। कर्मचारियों ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों दुकान के बाहर खड़ी चार पहिया गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश भागते समय असलहा भी लहरा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी विनय कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रतिष्ठान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा कर्मचारियों से पूछताछ कर बदमाशों के हुलिए और भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई।
एसपी के निर्देश पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। नगर क्षेत्र में नाकाबंदी कर स्वॉट, सर्विलांस और शहर कोतवाली पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वाराणसी हाईवे पर स्थित प्रतिष्ठान के आसपास बुलेट एजेंसी और आरकेबीके पेट्रोल पंप भी हैं। पुलिस इन क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments