सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर परिषदीय स्कूलों में हुए विविध आयोजन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के राष्ट्रीय एकीकरण अनुभाग के निर्देश पर शनिवार, 31 अक्टूबर को जिले के समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे प्रभात फेरी से हुई। इसमें प्राथमिक विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
इसके बाद सुबह नौ बजे विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच सरदार पटेल के जीवन दर्शन, राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर आधारित स्लोगन लेखन एवं संकलन गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने विभिन्न नारों के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनका जीवन और योगदान भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालयों में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय अखंडता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। जिले के सभी विकास खंडों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाया।















