गाजीपुर। मौसम विभाग लखनऊ ने जनपद में 28 से 31 अक्टूबर तक खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्णब का प्रभाव गाजीपुर में देखने को मिल सकता है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली, तेज हवा, झोंकेदार हवाओं के साथ व्यापक एवं बेमौसम भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन के अनुसार इस दौरान हवा की गति 40 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकेदार हवा 30 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तापमान में भी अचानक 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। 28 से 30 अक्टूबर तक मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली और 29 से 31 अक्टूबर तक व्यापक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और सुरक्षित भवनों में रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पेड़ों के नीचे, खेतों या खुले मैदान में न रुकने तथा नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने को कहा गया है।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए दामिनी और आपदा संबंधी अलर्ट के लिए सचेत एप का प्रयोग करने की अपील की गई है। आपात स्थिति में 112, 1077 और 1070 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने जारी की।















