गाजीपुर। शनिवार को सदर कोतवाली परिसर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में दोनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से किसी कार्यालय या अधिकारी के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि पीड़ित पक्ष को वास्तविक राहत मिल सके।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निस्तारण की प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। थाना दिवस के माध्यम से प्रशासन और पुलिस ने आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ जनता का विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया।















