गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे “कोई मतदाता न छूटे” अभियान के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को जनपद की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल करना है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विधानसभा सदर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज स्थित बूथ संख्या 251, 252 व 253 तथा कन्या प्राथमिक विद्यालय हेतिमपुर के बूथ संख्या 193 व 194 का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं और मतदाता पंजीकरण की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों से फॉर्म-6 के प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और अधिक से अधिक महिला एवं युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित बीएलओ जयहरि के प्रति उन्होंने नाराजगी जताते हुए एसडीएम सदर को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता, विशेषकर युवा और प्रथम बार मतदाता, पंजीकरण से वंचित न रहे। पात्र नागरिक फोटो, जन्मतिथि एवं निवास प्रमाण के साथ आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन ECINET App एवं निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकता है।















