गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के रामजनपुर गांव के पास सोमवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों युवक मेदनीपुर बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। अचानक बाइक से सड़क पर गिरने के बाद पीछे से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चोचकपुर गांव निवासी अनीश पांडेय (24) पुत्र सुग्रीव पांडेय अपने साथी विकास यादव (18) पुत्र मूरत यादव निवासी बरवा के साथ सोमवार की देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। रामजनपुर गांव के पास अचानक दोनों बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंडा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने अनीश पांडेय को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास यादव की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
अनीश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता सुग्रीव पांडेय ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।















