गाजीपुर। मालगोदाम रोड पर रास्ते को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी और मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो खूनालूद चाकू और दो डंडे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को वादी अपने भाई सनी बिंद और मित्रों के साथ कार से घर जा रहा था। मालगोदाम के पास कुछ लोगों ने रास्ते में साइकिल खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। रास्ता हटाने के लिए कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने डंडा, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान सनी बिंद के पेट में चाकू मार दिया गया, जबकि वादी और उसके अन्य साथियों के साथ भी मारपीट की गई। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन गाजीपुर के पूर्वी दिशा स्थित आउटर के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन डोम (35), सोनू (32), मनसुख उर्फ मनसोख (34), सभी निवासी टैक्सी स्टैंड ओवरब्रिज मालगोदाम रोड, थाना कोतवाली, तथा लोहा (31) निवासी बयेपुर देवकली, थाना कोतवाली शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














