गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक व्यापक जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विश्वकर्मा जयंती पर टूल वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। विकास कार्यों, अवस्थापना परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, पंचायत सचिवालयों और अन्नपूर्णा भवनों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश की प्रमुख अवस्थापना एवं जनोपयोगी परियोजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम के तहत भी गतिविधियां आयोजित होंगी। विकासखंडों में सेवा शिविर, स्वास्थ्य मेले, मानव समूह और रंगोली कार्यक्रमों का आयोजन जनभागीदारी से किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने तथा फोटोग्राफ और वीडियो समय से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ आलोक प्रसाद, एडीएम वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














