गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी के शिकार हुए व्यक्ति को साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के जरिए खाते से निकाली गई 4,500 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार शक्करपुर निवासी अभिषेक पासवान के साथ ऑनलाइन फ्राड हुआ था। घटना के बाद उन्होंने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33107250079328 के आधार पर थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी के नेतृत्व में टीम ने शिकायत की जांच करते हुए संबंधित प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी में गई कुल 4,500 रुपये की धनराशि शिकायतकर्ता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने के बाद शिकायतकर्ता अभिषेक पासवान ने गाजीपुर पुलिस और थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।














