गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के नवाचारों, सफल शैक्षणिक प्रयोगों और उत्कृष्ट शिक्षण विधियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘उद्गम’ (UDGAM) पोर्टल का संचालन किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर पंजीकरण कराने और सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ), अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) तथा प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे ‘उद्गम’ पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही अधिक से अधिक परिषदीय शिक्षकों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों को अपलोड करने के लिए प्रेरित करें।
पोर्टल का मुख्य उद्देश्य कक्षा-कक्ष में शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही अभिनव शिक्षण पद्धतियों, शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम), सफल प्रयोगों और बेस्ट प्रैक्टिसेज को निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन साझा करना है। इससे शिक्षकों के रचनात्मक कार्यों को राज्य स्तर पर पहचान और प्रोत्साहन मिल सकेगा।
बीईओ एवं एआरपी को अपने-अपने ब्लॉक के विद्यालयों में शिक्षकों को पोर्टल पर पंजीकरण एवं नवाचार अपलोड करने की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया है। विभाग का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रभावी शैक्षणिक प्रयोग अन्य शिक्षकों के लिए भी उपयोगी बन सकेंगे।
इसी क्रम में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), लखनऊ द्वारा 09 सितंबर को प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में नामांकित नोडल प्रवक्ता प्रतिभाग करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ‘उद्गम’ शिक्षकों की रचनात्मकता और जमीनी नवाचारों को मंच प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनपद के सभी शिक्षकों से अपने विद्यालयों में किए जा रहे अभिनव प्रयासों को पोर्टल पर साझा करने का आह्वान किया।














