गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के सायर गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 42 वर्षीय चंदन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार सुबह बरेजी स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम रायसेनपुर निवासी चंदन सिंह अपने परिचितों के साथ सायर चट्टी स्थित शराब की दुकान से शराब लेकर महादेव घाट, सायर की ओर गए थे। वहां शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर चंदन और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चंदन के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर चंदन के भाई पंकज सिंह और चचेरे भाई दीपक सिंह मौके पर पहुंचे। चंदन बेहोशी की हालत में मिले। उनके सिर, चेहरे और दाढ़ी के नीचे चोट के निशान थे। परिजन उन्हें आरपी हॉस्पिटल ले गए, जहां जांच और सीटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई की तहरीर पर गहमर थाने में मुकदमा संख्या 182/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 3(5) और 105 बीएनएस के तहत आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब 10:50 बजे पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास सिंह, नरेंद्र यादव, बृजेश कुमार गुप्ता और किशन चौधरी उर्फ कृष्णा चौधरी शामिल हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।














