गाजीपुर। जनपद में दो बालकों ने ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए रास्ते में मिली सोने की चेन पुलिस को सुपुर्द कर सराहनीय कार्य किया। उनकी इस पहल की पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर निवासी दो बालक अंकित यादव पुत्र राकेश यादव और प्रवीण प्रकाश मौर्य पुत्र जय प्रकाश घर से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान फुल्लनपुर क्रॉसिंग के पास उन्हें रास्ते में सोने (पीली धातु) की एक चेन पड़ी मिली।
दोनों बालकों ने चेन को अपने पास रखने के बजाय अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे अपने अभिभावकों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा को मिली हुई चेन सौंप दी।
बालकों ने अपने आचरण से यह संदेश दिया कि ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। पुलिस द्वारा चेन के वास्तविक स्वामी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सत्यापन के बाद चेन को उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित रूप से वापस किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने दोनों बालकों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।














