गाजीपुर। आज की रात थाना रामपुर मांझा पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान चीता मोबाइल से सूचना मिली कि एक बोलेरो पियरी से चकेरी की ओर जा रही है। सूचना पर पुलिस ने चकेरी चौराहा मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की, जिसमें कमलेश बिंद के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी देवकली भेजा गया। मौके से सोनू यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश बिंद निवासी सहेड़ी, थाना नंदगंज तथा सोनू यादव निवासी पचरासी, थाना नंदगंज शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों के विरुद्ध गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई थाना रामपुर मांझा के थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।














