गाजीपुर। जनपद में रविवार शाम आकाशीय बिजली को लेकर दामिनी ऐप के माध्यम से चेतावनी जारी की गई। संदेश के अनुसार गाजीपुर जनपद रेड जोन में है और सदर तहसील क्षेत्र के फतुल्लापुर, महाराजगंज तथा आसपास के इलाकों में अगले सात मिनट के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति और हवा के रुख के अनुसार प्रभावित क्षेत्र या तहसील में बदलाव भी हो सकता है।
आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने लोगों से अपील की है कि चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान लोग पक्के मकान के अंदर ही रहें। खुले स्थान, टीन शेड अथवा ऊंचे पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें। विशेष रूप से बारिश और गरज-चमक के दौरान खेतों, खुले मैदानों तथा अन्य असुरक्षित स्थानों पर जाने से परहेज करें।
उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली की जानकारी और इससे होने वाले नुकसान से बचाव के लिए दामिनी एप्लीकेशन का प्रयोग किया जा सकता है। वहीं, विभिन्न आपदाओं से संबंधित चेतावनी और अलर्ट प्राप्त करने तथा बचाव के लिए सचेत एप्लीकेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
आपदा विशेषज्ञ ने जनहित में चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों और विभिन्न ग्रुपों में प्रसारित करने की अपील की, ताकि समय रहते लोग सतर्क होकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें। यह सूचना अशोक राय, आपदा विशेषज्ञ, डीडीएमए/ईओसी, कलेक्ट्रेट गाजीपुर की ओर से जारी की गई है।














