गाजीपुर। भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भारती के नेतृत्व में गुरुवार देर शाम पीड़ित परिवार ने राइफल क्लब गाजीपुर पहुंचकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव निवासी रामबाबू की नदी में डूबने से हुई मृत्यु के बाद परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट की जानकारी अधिकारियों को दी गई।
शत्रुघ्न भारती ने बताया कि रामबाबू की मृत्यु के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। परिवार के सदस्यों को तत्काल सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को रोजगार, शौचालय और आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही परिवार की बेटी की पढ़ाई के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेने और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।पीड़ित परिवार ने प्रशासन की पहल पर आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि सरकारी सहायता मिलने से परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी। वहीं, भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भारती ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उन्हें न्याय और सरकारी सुविधाएं दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।















