गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति एवं पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने सभी महाविद्यालयों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में तेजी लाई जा सके। साथ ही तहसील स्तर पर बैठकें आयोजित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने असंतोषजनक फीडबैक वाले विभागों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को असंतुष्ट फीडबैक की गंभीरता से समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। सभी विभागाध्यक्षों को आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।














