गाजीपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए बूंदी के लड्डू के कुल चार नमूने संग्रहित किए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने भड़सर शहाबुद्दीनपुर, बिरनो स्थित पप्पू कुमार के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू का एक नमूना लिया। इसके अलावा दुल्लहपुर के चौहान मार्केट स्थित बुल्लु यादव के प्रतिष्ठान से एक, जमानिया मोड़ स्थित कन्हैया गुप्ता के प्रतिष्ठान से एक तथा शादियाबाद मोड़, नंदगंज स्थित मेसर्स गायत्री स्वीट हाउस से एक नमूना संग्रहित किया गया।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी अथवा मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, विपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे।














