गाजीपुर – सैदपुर तहसील क्षेत्र के गौरी गांव में गोमती नदी किनारे गाय चराने गए पुजारी महेश चौबे पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हरिकृष्ण चौबे और उनके तीन बेटों मंगल, सोनू तथा पंचू चौबे ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर महेश चौबे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीठ पर गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया। घायल की माता शीला देवी की तहरीर पर थाना खानपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। खानपुर एसओ राजीव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, जिसके चलते मारपीट हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, जबकि घायल पुजारी का इलाज अस्पताल में जारी है।














