गाजीपुर – मरदह क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरसी में पिछले 22 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। करीब 40 घरों में बिजली न होने के कारण ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों के अनुसार, सादात से मरदह तक बन रहे फोरलेन मार्ग के निर्माण के दौरान गांव में बिछाई गई बिजली केबल एक ट्रक में उलझ गई, जिससे कई बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। तभी से गांव की बिजली आपूर्ति बंद है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के एक कर्मचारी ने क्षतिग्रस्त पोल और केबल से ही बिजली जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। इसके बाद जूनियर इंजीनियर (जेई) और सब-डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं की गई तो वे गाजीपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में राहुल देवरंजन, राजेंद्र चौहान, त्रिभुवन यादव, उर्मिला, सुरेश चौहान, रामविलास चौहान, गुलाब चौहान, रामू चौहान, रामसकल चौहान, नन्हक चौहान, महेंद्र और मनीष चौहान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ चंद्रमोहन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और शीघ्र समाधान कराया जाएगा।














