उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षी शामिल, कई थानों और चौकियों के प्रभारियों की बदली गई तैनाती
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद में तैनाती के बाद पहली बार पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जनपदीय स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद 61 उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। तबादला सूची जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक अविनाश मणि त्रिपाठी को अटवा मोड़ चौकी थाना नोनहरा से पैकवली चौकी थाना रामपुर मांझा भेजा गया है। वहीं रोहित कुमार द्विवेदी को पैकवली चौकी से अटवा मोड़ चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अक्षय कुमार यादव को खानपुर, गिरिजेश गिरि को दुल्लहपुर, पवन गुप्ता को सुहवल, कुशल त्रिपाठी को साइबर क्राइम तथा अभयधर दूबे को मुहम्मदाबाद थाने में तैनाती दी गई है। कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से विभिन्न थानों में भेजा गया है, जबकि कुछ को थानों से पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया गया है।
तबादला सूची में साइबर क्राइम, न्यायालय सुरक्षा, महिला संबंधी अपराध अनुश्रवण प्रकोष्ठ, अभियोजन कार्यालय, यातायात पुलिस और सीसीटीएनएस जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी नई तैनाती की गई है।
इसके साथ ही कई थानों में मुख्य आरक्षियों को हेड मोहर्रिर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को आदेश से अवगत कराते हुए तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।















