गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जिले में राजस्व न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। 12 मई से 2 जून 2026 तक चल रहे इस अभियान में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न तहसीलों में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराया।
तहसील सदर में 16 मई को 10 राजस्व ग्रामों के 16 स्थानों पर सात टीमों ने कार्रवाई करते हुए 3.8899 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। वहीं 18 मई को सदर तहसील के 12 राजस्व ग्रामों के 14 स्थानों पर 0.851 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई गई।
तहसील कासिमाबाद में छह राजस्व ग्रामों के 18 स्थानों पर कार्रवाई की गई। तहसील जमानियां में सात राजस्व ग्रामों के 16 स्थानों पर 0.88 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। तहसील सेवराई में चार राजस्व ग्रामों के 16 स्थानों पर 5.404 हेक्टेयर भूमि पर से अवैध कब्जा हटाने के साथ पत्थरगड़ी एवं रोड-चकरोड निर्माण कार्य भी कराया गया।
तहसील जखनियां में 15 राजस्व ग्रामों के 21 स्थानों पर 11.2098 हेक्टेयर भूमि का सीमांकन कर अवैध कब्जे हटाए गए। साथ ही नाली निकासी, नहर भूमि सीमांकन एवं अवैध पट्टों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी एवं किसानों की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कब्जामुक्त कराई गई भूमि संबंधित विभागों को सौंप दी गई














