गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना तैयार करने के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नई सड़कों एवं सेतु निर्माण कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृत लेकिन अस्वीकृत रह गए कार्यों को नई कार्ययोजना में शामिल किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए नए प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर सम्मिलित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य प्रस्तावित किए जाएं, ताकि जनपद का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी प्रस्तावित कार्यों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने गाजीपुर शहर की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को अर्द्धशासकीय पत्र भेजकर विशेष पैकेज की मांग करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, विधायक ओमप्रकाश सिंह, जैकिसुन साहू, मन्नू अंसारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।














