गाजीपुर – जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सबसे गंभीर बात यह रही कि गोदाम में स्थापित फायर होज रील ड्रम कार्यशील अवस्था में नहीं पाया गया, जो सुरक्षा के लिहाज से बड़ी लापरवाही मानी गई।
इसके अलावा परिसर में लगी पानी की टंकी में भी रिसाव (लीकेज) पाया गया, जिससे रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठे। जिलाधिकारी ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि फायर होज रील ड्रम को तुरंत ठीक कराया जाए और पानी की टंकी की मरम्मत या नव-निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि ईवीएम गोदाम की सुरक्षा और संरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुदृढ़ रखी जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।














