गाजीपुर। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला ने पालिटेक्निक कॉलेज गाजीपुर में आयोजित जनगणना 2027 के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों की तैयारियों का गहन जायजा लिया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें शत-प्रतिशत शुद्धता और सावधानी बरतना अनिवार्य है।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें और अपने कार्यक्षेत्र में उनका सही तरीके से अनुपालन करें। साथ ही, सभी गणनाकर्मियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करें। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने सुझाव दिया कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए मास्टर ट्रेनर से समन्वय स्थापित करें और उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भोजन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।














