उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 47 वर्षीय अरुण कुमार का शव उनके कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। वह गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में एनटीपीसी बीजपुर में तैनात थे।
मृतक की पत्नी पुष्पा देवी के अनुसार, अरुण कुमार सोमवार रात ड्यूटी पर गए थे और मंगलवार सुबह करीब छह बजे वापस लौटकर अपने क्वार्टर में आराम करने लगे। इसी दौरान पत्नी किसी काम से घर के बाहर फोन पर बात करने चली गईं। जब वह कुछ देर बाद लौटीं, तो उन्होंने अपने पति को कमरे में फांसी के फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह चीखने लगीं, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
अरुण कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।














