Wednesday, February 11, 2026
Your Dream Technologies
HomePoliticsगाजीपुर: पीडीए मजबूत होने से बीजेपी चिंतित - विधायक डॉ वीरेंद्र यादव

गाजीपुर: पीडीए मजबूत होने से बीजेपी चिंतित – विधायक डॉ वीरेंद्र यादव

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय जंगीपुर में मासिक बैठक विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव तथा जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करने से पूर्व विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने उपस्थित समस्त नेता व कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कई आनुषांगिक संगठन जैसे हिंदू वाहिनी, आरएसएस, बजरंग दल आदि भाजपा के लिए कार्य करते हैं, जबकि समाजवादी पार्टी का संगठन प्रत्यक्ष रूप से हर समाज और हर जाति के बीच जाकर काम करता है।

विधायक ने कार्यकर्ताओं से और अधिक मजबूती के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि एस.आई.आर. में आप सभी कार्यकर्ता बिना प्रशिक्षण के ही सफल हुए हैं, लेकिन अब अगली लड़ाई फॉर्म-6 भरवाने की है, जिसे पूरी ताकत के साथ करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की परेशानी आती है तो तुरंत जानकारी दी जाए।

डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि पी.डी.ए. अब मजबूत हो रहा है, इसी कारण भाजपा चिंतित है। बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में एस.आई.आर. के दौरान जो गड़बड़ियां हुईं, वैसी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में नहीं हो पाएंगी, क्योंकि यहां का कार्यकर्ता बहुत सक्रिय है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाजवादियों का गढ़ है और जंगीपुर के कार्यकर्ताओं ने सातों विधानसभा सीटों को सुरक्षित रखने का काम किया है, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से पी.डी.ए. के लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने की अपील की और 2027 का आगाज करते हुए कहा कि आज से ही संकल्प लें कि आने वाले विधानसभा चुनाव में माननीय अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर ने कहा कि क्षेत्र में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव हमेशा अग्रसर रहते हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाने में विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को विफल बताया।

कार्यक्रम के अंत में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी संदीप यादव (ग्राम इजरी) का विधायक द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

बैठक में जिला महासचिव कन्हैयालाल विश्वकर्मा, महिला जिला अध्यक्ष विभा पाल, विधानसभा महिला अध्यक्ष सुनीता यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने सभी नेता व कार्यकर्ताओं को नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

बैठक का संचालन विधानसभा महासचिव जितेंद्र चौहान ने किया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button