
गाजीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आलोक कनौजिया पुत्र अनिल कनौजिया निवासी वार्ड नंबर 5, गुरु सेवक नगर, जंगीपुर के रूप में हुई है। आलोक नोनहरा थाना क्षेत्र के महुआरी स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। मंगलवार को काम खत्म कर वह केटीएम बाइक से घर लौट रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रास्ते में उसने संभवतः ताड़ी का सेवन कर लिया था, जिससे वह नशे में था और बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक तेज गति से चल रही थी और अचानक एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आलोक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग तुरंत उसे जिला मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नोनहरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पैंट में रखी डायरी से परिजनों को सूचित किया। शव देखकर परिवार वाले बेसुध हो गए और रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।