गाजीपुर – सुहवल थाना क्षेत्र के डुहियां गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक युवक 130 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक की मांग है कि जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर उसकी बात सुनें, वरना वह टॉवर से कूद जाएगा। सुबह 4 बजे से शुरू हुआ यह हंगामा करीब 6 घंटे तक चलता रहा। मौके पर 20 से अधिक पुलिसकर्मी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस लगातार युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सरैया गांव निवासी 22 वर्षीय सुनील बिंद का अपने पटीदारों के साथ 2 फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में पंचायत हुई थी, जिसमें विवादित जमीन दोनों पक्षों में आधा-आधा बांटने का फैसला लिया गया। इस फैसले से नाराज होकर सुनील रविवार सुबह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया।
सुनील का कहना है कि उसे पूरी जमीन चाहिए, क्योंकि उसी जमीन से उसके निर्माणाधीन मकान का दरवाजा खुलेगा। उसकी मां मीना देवी ने बताया कि विधवा आवास योजना के तहत मिले पैसे से घर बन रहा था, लेकिन जमीन विवाद के कारण निर्माण अधूरा है।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर तैनात है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं।














