गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज पुलिस ने मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त ओसियर बिन्द को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ धामपुर घरवा मोड़ के पास हुई। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त थाना शादियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 72/2026, उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल अभियुक्त को पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओसियर बिन्द (35) पुत्र नीर दयाल उर्फ निर्दयी बिन्द निवासी लखईपुर अवंती, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में चंदौली और गाजीपुर में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















