HomeCrimeवाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर दो टोटो की टक्कर, महिला समेत तीन गंभीर घायल

वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर दो टोटो की टक्कर, महिला समेत तीन गंभीर घायल

गाजीपुर – वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में दो टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह दुर्घटना जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के पास करीब शाम 6 बजे हुई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य चालक को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार एक टोटो मऊ की ओर से गलत साइड से आ रहा था, जबकि दूसरा टोटो गाजीपुर की तरफ अपनी सही लेन में चल रहा था। इसी दौरान सामने से एक बड़ी गाड़ी आते देख गलत दिशा में चल रहे टोटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे टोटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों टोटो पलट गए। उस समय दोनों वाहनों में कुल 7 से 8 लोग सवार थे।

घायलों में जंगीपुर निवासी टोटो चालक कासिम के पेट और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा पैर में फ्रैक्चर की आशंका है। रायपुर निवासी प्रद्युम्न यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें लगी हैं, जबकि पलहीपुर निवासी कुसुम देवी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दूसरे टोटो चालक निखिल कुमार को मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments