गाजीपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने व्यापारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग करों के माध्यम से देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमी निरंतर आगे बढ़ें और छोटे व्यापारियों को भी रोजगार व व्यवसाय के अवसर उपलब्ध कराएं। प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय अपनी समस्त संपत्ति राष्ट्रहित में समर्पित कर दी थी। उनके आर्थिक और सैन्य सहयोग के कारण महाराणा प्रताप ने अपनी सेना का पुनर्गठन किया और मुगलों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखा। भामाशाह का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनपद के पूंजी निवेशक उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर ने भामाशाह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जीएम डीआईसी, विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, उद्यमी, व्यापारी तथा प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।














