लखनऊ। वैश्विक स्तर पर बढ़ती उथल-पुथल और आर्थिक चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ऊर्जा बचत, स्वदेशी को बढ़ावा और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को प्रदेश में व्यावहारिक रूप से लागू करने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी को अधिक सतर्क और जिम्मेदार बनना होगा।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों एवं प्रमुख सचिवों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने सबसे बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए। साथ ही काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाने को कहा गया।
सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की तैयारी
सीएम योगी ने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में “नो व्हीकल डे” अभियान चलाया जाए, जिसमें सरकारी कर्मचारी, स्कूल-कॉलेजों के छात्र और आम नागरिक भी भाग लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां नागरिकों को अधिकतम मेट्रो उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स पर जोर
सीएम योगी ने औद्योगिक विकास विभाग और आईआईडीसी को निर्देश दिए कि बड़े उद्योगों और स्टार्टअप्स को वर्क फ्रॉम होम संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी करने को कहा गया।
उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनारों, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए। राज्य सचिवालय और निदेशालय स्तर की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन करने पर भी बल दिया गया।
बिजली बचाने और रात में सजावटी रोशनी कम करने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली की बचत करने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग रोका जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और निजी प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी का न्यूनतम उपयोग किया जाए।
इसके साथ ही “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
विदेश यात्राओं और सोने की खरीद पर संयम की सलाह
सीएम योगी ने लोगों से अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग और बड़े आयोजनों को भारत में ही बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मौजूद हेरिटेज साइट्स, किले, ईको टूरिज्म और धार्मिक स्थलों को नई पहचान दी जाए।
उन्होंने लोगों से अनावश्यक सोने की खरीद से बचने की भी अपील की और प्रशासन को ज्वेलर्स एसोसिएशन तथा व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
‘वोकल फॉर लोकल’ को नया अभियान बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को सरकारी उपहारों में प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। त्योहारों, शादियों और सार्वजनिक आयोजनों में भारतीय हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
कम तेल वाले भोजन और प्राकृतिक खेती पर फोकस
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से खाद्य तेल का कम उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर होगा, घरेलू बचत बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, पुलिस मेस, छात्रावासों और मिड-डे मील योजनाओं में कम तेल वाले भोजन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
स्थानीय प्रशासन को होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ संवाद कर कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने को कहा गया। साथ ही प्राकृतिक खेती और गोबर आधारित जैविक उपयोग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
“दुनिया बदल रही है, हमें भी बदलना होगा”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और मौजूदा परिस्थितियों में संसाधनों का संयमित उपयोग ही भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर देश के सामने एक नया मॉडल पेश करेगा।














