गाजीपुर। रौजा ओवरब्रिज के नीचे टैक्सी स्टैंड के पास मंगलवार देर रात करीब 12 बजे रास्ता मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सड़क पर खड़े कबाड़ियों से हॉर्न बजाकर रास्ता मांगने पर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट के दौरान दो युवकों को चाकू मार दिया गया।
घटना में रजदेपुर देहाती क्षेत्र के टेढ़वा गांव निवासी 18 वर्षीय शनि बिंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में चाकू लगा है। गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं, उसके साथ मौजूद 32 वर्षीय सिद्धार्थ बिंद का भी चाकू लगने से घायल होने के बाद मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
सिद्धार्थ के अनुसार, वह अपने भाई शनि और तीन दोस्तों के साथ चार पहिया वाहन से रेलवे स्टेशन गया था। चाय पीने के बाद सभी रात करीब 12 बजे वापस लौट रहे थे। रौजा ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर चार-पांच कबाड़ी खड़े थे, जिससे वाहन को रास्ता नहीं मिल रहा था। हॉर्न बजाने पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कबाड़ियों में से किसी ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
मारपीट में शनि के पेट में चाकू लग गया। बाद में खून निकलने पर घटना का पता चला। सिद्धार्थ के मुताबिक, उसे भी पीछे से चाकू मार दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ संदिग्ध कबाड़ियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि वाहन को रास्ता नहीं मिलने को लेकर विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।














