गाजीपुर – कासिमाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक प्राइवेट कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंगेरा फीडर से जुड़े ग्राम टोडार में देवेंद्र यादव और हरेंद्र यादव द्वारा अपने निजी कार्य के लिए इंदौर ग्राम निवासी सुड्डू राम को बिजली के पोल पर चढ़ाकर काम कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह कार्य बिना विद्युत विभाग को सूचित किए अवैध रूप से किया जा रहा था।
घटना के समय फीडर की बिजली आपूर्ति चालू थी, जिससे लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान सुड्डू राम एलटी लाइन पर तार जोड़ने का काम कर रहे थे, तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। अधिशासी अभियंता जंगीपुर ने बताया कि बिना पूर्व सूचना के लाइन पर कार्य किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।














