फतेहपुर। जोधपुर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन आ रही हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार शाम एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में तैनात डिप्टी चीफ इंस्पेक्टर प्रयागराज रेलवे श्रवण कुमार की सजगता और स्टेशन प्रबंधन, आरपीएफ व जीआरपी की तत्परता से महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद निवासी बीएसएफ जवान विन्देश ठाकुर अपनी गर्भवती पत्नी पूजा के साथ जोधपुर से अपने घर लौट रहे थे। दोनों हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के टू-टियर कोच में यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक पूजा को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ती देख पति ने रेलवे सुरक्षा बल और ट्रेन में तैनात डिप्टी चीफ इंस्पेक्टर प्रयागराज रेलवे श्रवण कुमार को इसकी जानकारी दी।
ट्रेन के फतेहपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर श्रवण कुमार ने तत्काल स्टेशन प्रबंधन को महिला की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने आरपीएफ को जानकारी दी। आरपीएफ प्रभारी के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल नन्दकिशोरी, कांस्टेबल निधि यादव तथा जीआरपी हेड कांस्टेबल राहुल द्विवेदी अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंच गए।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही पुलिसकर्मियों ने सावधानीपूर्वक महिला को नीचे उतारा और तत्काल 108 एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। महिला को पहले सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां से जिला महिला अस्पताल ले जाया गया। समय पर उपचार मिलने से महिला और उसके बच्चे की हालत सुरक्षित बताई गई।
परिजनों ने रेलवे अधिकारियों, स्टेशन प्रबंधन, आरपीएफ और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया














