प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे का बुधवार को दूसरा दिन पूरी तरह आस्था, जनसमर्थन और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के नाम रहा। अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह सबसे पहले शहर की सड़कों पर करीब 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया, जिसमें लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की।
BLW से विश्वनाथ धाम तक उमड़ा जनसैलाब, फूलों से हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) से शुरू हुआ और लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते सड़क के दोनों ओर लोगों का जनसैलाब नजर आया। बीजेपी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत में खड़े रहे। कई स्थानों पर उनके काफिले पर पुष्पवर्षा की गई। पार्टी नेताओं ने इसे बनारस के इतिहास के सबसे बड़े रोड शो में से एक बताया है।
प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर, मुस्कुराकर और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जगह-जगह महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले से सड़क किनारे डटे रहे।
हर हर महादेव !
काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिला। यहां भगवान भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की।
माँ अन्नपूर्णा एवं माँ गंगा के दर्शन से असीम शांति मिली। उनकी कृपा से हर किसी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार… pic.twitter.com/68GTnogoZW
— Narendra Modi (@narendramodi) April 29, 2026
बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा, पंडितों ने कराया वैदिक अनुष्ठान
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक परंपराओं के अनुसार पांच विद्वान पंडितों ने उनका विशेष पूजन कराया। प्रधानमंत्री ने गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक, पूजन और ध्यान किया। इस दौरान उन्हें माला पहनाई गई, माथे पर त्रिपुंड लगाया गया और वैदिक मंत्रों के बीच शिव आराधना संपन्न कराई गई।
पूजा के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को त्रिशूल, डमरू और पारंपरिक स्टोल भेंट किया। मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय भक्तों ने जोरदार “हर हर महादेव” के नारे लगाए, जिसका प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर जवाब दिया।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बच्चों से की मुलाकात, भक्त हुए भावुक
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में मौजूद बच्चों से बातचीत की। बच्चों के बीच पीएम का सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। उन्होंने बच्चों का हालचाल पूछा, मुस्कुराते हुए उनसे संवाद किया और उन्हें आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान मौजूद श्रद्धालु प्रधानमंत्री को अपने बीच देखकर भावुक नजर आए।
#WATCH | Varanasi | PM Narendra Modi holds a ‘Trishul-Damru’ after offering prayers at Shri Kashi Vishwanath temple pic.twitter.com/WZtRjWpJzl
— ANI (@ANI) April 29, 2026
PM Modi का सोशल मीडिया संदेश: ‘हर हर महादेव, देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना’
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि काशी में बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा के दर्शन का सौभाग्य मिला। उन्होंने लिखा कि उन्होंने समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की।
काशी दौरे पर विकास और आस्था दोनों का संदेश
प्रधानमंत्री का यह दौरा सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दो दिवसीय काशी दौरे में पीएम मोदी पहले ही हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दे चुके हैं, जबकि बुधवार को बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर उन्होंने काशी की जनता से सीधा भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित किया।
काशी की सड़कों पर उमड़ा यह जनसमर्थन साफ संकेत दे रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी का अपने संसदीय क्षेत्र से भावनात्मक रिश्ता अभी भी उतना ही मजबूत है जितना पहले था।














