नोएडा में शनिवार को सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक भव्यता और जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 115 गैर-सरकारी संगठनों के सशक्त समूह Active NGO Group ने सेक्टर-6 स्थित NEA Auditorium में अपना भव्य वार्षिक उत्सव आयोजित किया। सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक समारोह नहीं बल्कि समाज सेवा, सहयोग, जागरूकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का जीवंत मंच बन गया, जहां शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, कलाकार और विभिन्न संस्थाओं के सदस्य एक छत के नीचे एकत्र हुए।
इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में Pankaj Singh, नोएडा के विधायक Vimla Batham, पूर्व विधायक एवं महिला आयोग की अध्यक्ष के साथ महेश सक्सेना और योगेश नारायण जैसे प्रतिष्ठित सामाजिक चेहरे मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने Active NGO Group की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जब समाज को समन्वित सामाजिक प्रयासों की सबसे अधिक आवश्यकता है, तब 115 NGOs को एक मंच पर लाकर जनसेवा के लिए काम करना अपने आप में मिसाल है। वक्ताओं ने इसे समाज में जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा की दिशा में एक मजबूत पहल बताया।
कार्यक्रम का अगला चरण दोपहर करीब 1:30 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुरू हुआ, जिसने पूरे सभागार को उत्साह और तालियों से गूंजा दिया। कविता पाठ, गीत-संगीत और विविध नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया, लेकिन समारोह का सबसे आकर्षक और चर्चित केंद्र बना प्रेरणादायक गीत “Falak Tu, Garaj Tu, Baras Tu” पर प्रस्तुत भव्य नृत्य। इस विशेष प्रस्तुति में सुपर्णा सूद, उनकी बहन डॉ. कल्पना भूषण अपने छात्रों के साथ शानदार तालमेल के साथ मंच संभाला|
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित कलाकार, कोरियोग्राफर, निर्देशक, एक्टर, मॉडल और गुरु Dr. Kalpana Bhushan ने अपनी अद्वितीय उपस्थिति से पूरे मंच की शोभा कई गुना बढ़ा दी। उनकी अभिव्यक्ति, भाव, मुद्राएं और मंच संचालन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
डॉ. कल्पना भूषण किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। भारतीय शास्त्रीय नृत्य को उन्होंने 60 वर्षों से अधिक समय समर्पित किया है और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अनेक देशों में भारत की सांस्कृतिक गरिमा का परचम लहराया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय नृत्य परंपरा को प्रतिष्ठा दिलाने वाली डॉ. भूषण को कला के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए एपीजे अब्दुल कलाम पुरस्कार, क्लासिकल डांस आर्टिस्ट, गोल्डन हार्ट वाली डांसर सहित तीन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें श्रृंगार मणि, नृत्य मयूरी, नृत्य प्रवीणा, नृत्य भारती और भाव निपुणिका जैसे प्रतिष्ठित अलंकरण प्राप्त हैं, जो उनके बहुआयामी नृत्य कौशल की गवाही देते हैं।
डॉ. कल्पना भूषण ने देश के प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों, राजदूतों, बॉलीवुड की नामचीन हस्तियों के समक्ष अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। वह कई टेलीविजन और फिल्म प्रोडक्शन से भी जुड़ी रही हैं। मंच पर उनकी उपस्थिति अपने आप में एक सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक मानी जाती है। उनकी प्रस्तुति ने Active NGO Group के इस वार्षिक उत्सव को सामान्य आयोजन से उठाकर एक यादगार सांस्कृतिक महोत्सव का रूप दे दिया।
सिर्फ मंचीय प्रस्तुतियों तक ही नहीं, डॉ. कल्पना भूषण की विरासत प्रतिभा निर्माण में भी दिखाई देती है। वर्ष 1977 से नोएडा सेक्टर-11 में स्थित उनका प्रतिष्ठित डांस एवं फिटनेस संस्थान Kalpana Kala Kendra कल्पना कला केंद्र निरंतर नई पीढ़ी के कलाकारों को तराश रहा है। इस संस्थान ने न केवल अनगिनत नर्तक-नर्तकियों को मंच दिया, बल्कि अनुशासन, भारतीय संस्कृति और प्रस्तुति कौशल की ऐसी शिक्षा दी है जिसने अनेक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। आज भी यह केंद्र नोएडा की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है।
Active NGO Group के इस आयोजन का मूल उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के बीच सहयोग की भावना को और मजबूत करना, समाज में जागरूकता फैलाना और जनभागीदारी को बढ़ाना था। आयोजकों ने कहा कि जब सेवा और संस्कृति साथ चलती हैं, तब समाज में सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है। यही संदेश इस पूरे कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी मुख्य अतिथियों, कलाकारों, प्रतिभागियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने इसे प्रेरणादायक, उत्साहवर्धक और सामाजिक चेतना से परिपूर्ण आयोजन बताया। कुल मिलाकर नोएडा में आयोजित यह वार्षिक उत्सव सेवा, संस्कार और संस्कृति के अद्भुत समागम के रूप में लंबे समय तक याद किया जाएगा।














