गाजीपुर। गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के मुख्य शार्प शूटर और आईएस-191 गैंग के सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी सरिता राय के नाम से खरीदी गई करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्त कर लिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, अंगद राय निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल, ने संगठित अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी के नाम पर मोहम्मदाबाद तहसील के मौजा गिरधरिया में जमीन और उस पर निर्मित भवन खरीदा था। पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई थी। सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई पूरी की।
कुर्क की गई संपत्ति में आराजी संख्या 207 की 127 वर्गमीटर भूमि तथा उस पर निर्मित 63 वर्गमीटर का द्वितीय श्रेणी का आवासीय भवन शामिल है। यह संपत्ति व्यावसायिक गतिविधियों वाले क्षेत्र में स्थित है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 9.50 करोड़ रुपये बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, अंगद राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान कार्रवाई थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 314/2023 के तहत की गई।
इस कार्रवाई में तहसीलदार मोहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, भांवरकोल थानाध्यक्ष रोहित मिश्र, राजागंज चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय तथा दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।














