गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 6:30 से 7 बजे तक नेहरू स्टेडियम से क्रासकंट्री रेस आयोजित होगी। सुबह 7 से 7:45 बजे तक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से अफीम फैक्ट्री होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सुबह 8 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा। इसके बाद 8:30 बजे रायफल क्लब ग्राउंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों को सम्मानित किया जाएगा तथा गोष्ठी आयोजित होगी।
राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, प्लेस ऑफ सेफ्टी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर ध्वजारोहण के बाद बच्चों एवं मरीजों को फल-मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण, वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था और देशभक्ति कार्यक्रम होंगे। शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर चर्चा, नाटक, वाद-विवाद, निबंध लेखन और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सुबह 9 बजे वृद्धाश्रम एवं आश्रम पद्धति विद्यालय में फल-मिष्ठान वितरण होगा। 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण किया जाएगा। रजागंज सहित दलित बाहुल्य मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान एवं मिष्ठान वितरण होगा।
दोपहर 12:30 बजे जिला एवं महिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे जाएंगे। 1:30 बजे जिला कारागार में खेल प्रतियोगिता एवं फल-मिष्ठान वितरण होगा, जबकि 2 बजे राजकीय विशेष गृह और मूक-बधिर संस्थाओं में मिष्ठान वितरित किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्रों पर किसानों को पौधे और तिरंगा भेंट किए जाएंगे। 13 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, कार्यालयों, ऐतिहासिक स्मारकों तथा घरों में तिरंगा झंडा और तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।














