गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के परिणामों में गाजीपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से हुए लाइव प्रसारण का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधायक बेदी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय तथा मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनपद स्तर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तरीय टॉपर्स को एक लाख रुपये तथा जनपद स्तरीय मेधावियों को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र विकास का आधार है। विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।














