गाजीपुर – समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है, जहां क्षेत्र के समाजसेवी दुर्गेश राय ने एक दिव्यांग छात्रा की मदद कर उसके जीवन को नई दिशा दी है। जमानिया थाना क्षेत्र के ग्राम रमवल की निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रुखसाना खातून दिव्यांगता के कारण अपनी पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रही थीं। रोजाना विद्यालय आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती थी, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही थी।
रुखसाना की स्थिति को समझते हुए दुर्गेश राय ने उन्हें बैट्री चालित ट्राई साइकिल भेंट की। इस सहायता से अब रुखसाना के लिए कॉलेज आना-जाना आसान हो गया है, जिससे वह नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। इस पहल से उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और उनके सपनों को नई गति मिली है।
छात्रा के परिजनों ने इस सहयोग के लिए दुर्गेश राय का आभार व्यक्त किया और उन्हें जरूरतमंदों का सच्चा सहारा बताया। इस अवसर पर दुर्गेश राय ने कहा कि समाज के कमजोर और असहाय वर्ग की मदद करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने यह भी बताया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के माध्यम से लोगों की सहायता करते रहेंगे।














