गाजीपुर – आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस बल के साथ थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र में व्यापक रूट मार्च किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर तथा उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी भी मौजूद रहीं।
रूट मार्च मुहम्मदाबाद थाना से शुरू होकर कासिमाबाद रोड, युसुफपुर, दर्जी मोहल्ला, प्रिंस रोड, फाटक, तहसील तिराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। अधिकारियों ने पैदल गश्त करते हुए व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और आम जनमानस से संवाद स्थापित किया तथा त्योहार को भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया सेल के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।














