गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के खुदाबख्शपुर गांव में गुरुवार देर रात 22 वर्षीय सूरज चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर के बंद कमरे में बेहोशी की हालत में मिला। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
बताया जाता है कि सूरज माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।















