HomePARDAPHAAS BREAKINGपीजी कॉलेज में अवैध वसूली पर एफआईआर दर्ज, डीएम की कार्रवाई से...

पीजी कॉलेज में अवैध वसूली पर एफआईआर दर्ज, डीएम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) गाजीपुर में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन और मां दुर्गा पीजी कॉलेज, गोरा बाजार स्थित निजी दुकान के संचालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से कॉलेज परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चार और पांच नवंबर को छात्रसंघ भवन के सामने 710 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर ज्ञापन सौंपा था। इसमें छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर अवैध वसूली और मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी 12 नवंबर को स्वयं पीजी कॉलेज पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उसी रात 11:47 बजे कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि 710 छात्रों की एकजुटता और हस्ताक्षर की ताकत से यह कार्रवाई संभव हुई है। उन्हें विश्वास है कि छात्रों से वसूली गई धनराशि वापस दिलाई जाएगी।
पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने कहा कि गरीब और आम छात्रों के साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना सत्य की जीत है। छात्रों का पैसा वापस कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि शुरुआत में छात्रों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, लेकिन एकजुटता के आगे किसी की नहीं चली। अब कॉलेज परिसर में ही 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
आंदोलन में आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, अभिषेक चौरसिया, मोहित यादव, बिजेंद्र यादव, राज सिंह, पवन यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं और पूर्व छात्रनेता शामिल रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments