गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील सेवराई के नरवां घाट तथा रेवतीपुर ब्लॉक के पोखरों एवं अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाने तथा साफ-सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय से तैयारियां पूरी करें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस बल एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















