HomePARDAPHAAS BREAKINGपूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, गांव...

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, गांव में मची सनसनी

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के रायपुर बाघपुर गांव में गुरुवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप पम्पसेट के पास पीपल के पेड़ से फंदे के सहारे 25 वर्षीय युवक का शव लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मुलायम यादव के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मुलायम यादव बुधवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद घर से लगभग 600 मीटर दूर स्थित अपने निजी पम्पसेट पर सोने के लिए गया था। गुरुवार सुबह करीब छह बजे उसके चाचा रविन्द्र यादव खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पीपल के पेड़ से लटक रहे युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्होंने अपने भतीजे मुलायम यादव को पहचान लिया। इसके बाद तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
बताया जाता है कि मुलायम परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह निजी ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी वंदना देवी, मां फूलमतिया देवी और पिता वीरेंद्र यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की डेढ़ माह की मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments