मैड्रिड: स्पेन में बढ़ती महंगाई, मकानों की भारी कमी और आसमान छूते किराये के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया है। देशभर में हुई व्यापक हड़ताल के दौरान करीब 40 लाख कर्मचारियों ने काम बंद रखा। मैड्रिड, बार्सिलोना समेत कई प्रमुख शहरों में हजारों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, बार्सिलोना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
स्पेन में करीब 14 साल बाद हुई इस देशव्यापी हड़ताल को दो प्रमुख मजदूर संगठनों UGT और CCOO का समर्थन मिला। यूनियनों के अनुसार, हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की संख्या लगभग 40 लाख रही, जो देश के कुल कार्यबल का करीब पांचवां हिस्सा है।
बार्सिलोना में आगजनी, दुकानों में तोड़फोड़
बार्सिलोना में प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई थी, लेकिन मुख्य रैली समाप्त होने के बाद कुछ नकाबपोश लोगों ने हिंसक गतिविधियां शुरू कर दीं। प्रदर्शनकारियों ने कूड़ेदानों और सड़क पर रखे सामान में आग लगा दी, कई दुकानों के शीशे तोड़ दिए और पुलिस पर पटाखे फेंके।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। बार्सिलोना के मेयर जैमे कोल्बोनी के अनुसार, हिंसा के दौरान करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया और 10 दुकानों को नुकसान पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के लगभग 100 कर्मचारियों को तैनात करना पड़ा।
वहीं, मैड्रिड में भी प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस, मिर्च स्प्रे और फोम के गोले इस्तेमाल किए। देशभर में हड़ताल से जुड़ी घटनाओं के दौरान रात तक कम से कम 73 लोगों की गिरफ्तारी की खबर सामने आई।
युवाओं की कमाई का लगभग पूरा हिस्सा किराये में खर्च
इस विरोध प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह स्पेन में गहराता आवास संकट है। देश में अनुमानित 7.5 लाख घरों की कमी है। आशंका जताई जा रही है कि वर्ष 2028 तक यह आंकड़ा बढ़कर 10 लाख से अधिक हो सकता है।
आंकड़ों के मुताबिक, स्पेन में एक घर का औसत मासिक किराया करीब 1,176 यूरो है। चिंताजनक बात यह है कि युवाओं की औसत मासिक कमाई का लगभग 98.7 प्रतिशत हिस्सा किराये में खर्च हो जाता है। ऐसे में युवाओं के सामने बचत करने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
लोगों का आरोप है कि महंगे मकानों, बढ़ते किराये और जीवनयापन की लागत ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। खासकर युवा वर्ग के लिए स्वतंत्र रूप से घर लेना या किराये पर रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
चुनाव से पहले सरकार के सामने बड़ी चुनौती
स्पेन में यह विरोध प्रदर्शन 29 नवंबर को प्रस्तावित आम चुनाव से तीन सप्ताह से भी कम समय पहले हुआ है। ऐसे में आवास संकट, महंगाई और आम लोगों की आर्थिक परेशानियां चुनावी राजनीति के केंद्र में आ सकती हैं।
देशव्यापी हड़ताल ने साफ संकेत दिया है कि स्पेन में आवास और जीवनयापन की बढ़ती लागत अब केवल आर्थिक समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह एक बड़ा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है।
अब सवाल यह है कि क्या स्पेन की राजनीतिक पार्टियां चुनाव से पहले आम लोगों को सस्ते मकान और किफायती किराये का भरोसा दिला पाएंगी, या आवास संकट आने वाले दिनों में सरकार के लिए और बड़ी चुनौती बनेगा?















