एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने राइफल क्लब में सौंपा नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवार को मिली थी आर्थिक सहायता
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद ब्लॉक के चक कमरौरा गांव में पैमाइश के दौरान हुए विवाद के बाद मगई नदी में डूबने से मृत रामबाबू उर्फ विक्की के परिवार को राहत मिली है। बुधवार को एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने राइफल क्लब गाजीपुर में मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतक के भाई अरुण कुमार को संविदा पर नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम चक कमरौरा गांव में पैमाइश करने पहुंची थी। इसी दौरान रामबाबू उर्फ विक्की सहित अन्य ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। मामले में लेखपाल की तहरीर पर रामबाबू उर्फ विक्की समेत 23 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।
बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के गांव पहुंचने पर रामबाबू मगई नदी में कूद गया। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जिला प्रशासन की कार्रवाई के प्रति विरोध जताया।
इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया था। साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। बुधवार को अरुण कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने के साथ यह आश्वासन पूरा किया गया।















