ब्रेकिंग न्यूज़ – उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव की मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। गोरखपुर-फैजाबाद MLC क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक IAS अभय सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह 2009 बैच के IAS अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रकाश बिंदु को तत्काल गोरखपुर पहुंचकर मंगलवार से शुरू होने वाली मतगणना की निगरानी के निर्देश दिए हैं।
अभय सिंह की नियुक्ति को लेकर भाजपा के बागी MLC देवेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। उन्होंने अवैध खनन मामले में CBI की छापेमारी और अभय सिंह के आवास से नकदी बरामद होने से जुड़े आरोपों का मुद्दा उठाया था। शिकायत के बाद आयोग ने पर्यवेक्षक बदलने का फैसला किया।
वहीं, आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया गया। 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान हंगामा, धांधली और मतपत्रों से छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आई थीं। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था। शिकायतों और अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद आयोग ने सोमवार को केंद्र संख्या 20, 21 और 26 पर पुनर्मतदान कराया। शाम चार बजे तक 57.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
मामले में दो सेक्टर मजिस्ट्रेट और चार पुलिसकर्मियों समेत छह अधिकारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, पांच मतदानकर्मियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।















